3 दोस्तों की रहस्यमयी मौत, इंस्टाग्राम रील के बाद हाथ पकड़ झील में कूदे..वजह तलाश रही पुलिस
अहमदाबाद से बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। गांधीनगर के कालोल तालुका के नर्दीपुर गांव में तीन दोस्तों की मौत ने हर किसी को हिला दिया। तीनों ने रविवार को गहरी झील में कूदकर अपनी जान दे दी। और हैरानी की बात ये है कि तीनों ने पहले इंस्टाग्राम पर एक रील बनाई थी। रील में उन्होंने अपने हालात और जिंदगी की तकलीफों का जिक्र किया। उसके बाद हाथ पकड़कर एक साथ पानी में छलांग लगा दी। ये घटना सामने तब आई जब धैर्य श्रीमाली के चचेरे भाई ने इंस्टाग्राम पर वह रील देखी। उसे देखकर उसने तुरंत बाकी लोगों को खबर दी। सब लोग दौड़ते-दौड़ते झील के पास पहुंचे तो किनारे पर सिर्फ तीनों का सामान पड़ा मिला। वहां दो मोबाइल फोन, एक पर्स, चप्पलें, चाबी और कौशिक की मोटरसाइकिल खड़ी थी। ये सब देखकर ही लोगों को समझ आ गया कि कोई बड़ा हादसा हो चुका है। गांव वालों ने तुरंत स्थानीय तैराकों को बुलाया। घंटों की मशक्कत के बाद झील से तीनों के शव निकाले गए। उस वक्त जो नजारा सामने आया, उसने सबको अंदर तक हिला दिया। तीनों दोस्त एक-दूसरे का हाथ थामे हुए ही मिले। तीनों की पहचान धैर्य श्रीमाली, कौशिक माहेरिया और अशोक वाघेला के तौर पर हुई। तीनों नर्दीपुर गांव के ही रहने वाले थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में यही सामने आया है कि ये युवक आत्महत्या की रील शूट कर रहे थे। उनके फोन से जो वीडियो मिला, उसमें साफ दिख रहा है कि वो झील में कूदने की प्लानिंग कर रहे थे। हालांकि पुलिस अभी भी ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये महज एक स्टंट था जो गलती से मौत में बदल गया, या फिर उन्होंने वाकई खुदकुशी करने की ठान रखी थी। फिलहाल कालोल पुलिस ने आकस्मिक मौत का केस दर्ज किया है। मृतकों के परिवार और दोस्तों के बयान लिए जा रहे हैं। साथ ही ये भी देखा जा रहा है कि कहीं किसी ने उन्हें इस कदम के लिए उकसाया तो नहीं था।
