78 साल बाद मिले भारत-पाकिस्तान बंटवारे में बिछड़े दोस्त, देखते ही लगा लिया गले
भारत-पाकिस्तान बंटवारे की कहानियां सिर्फ इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी लोगों की यादों और भावनाओं में जिंदा हैं। साल 1947 का वह दौर, जब सरहदें खींची गईं, सिर्फ जमीन का बंटवारा नहीं था, यह लाखों दिलों के टूटने की कहानी भी था। किसी ने अपना घर खोया, तो किसी ने अपने अपनों को। कई रिश्ते ऐसे थे, जो वक्त की धूल में दब गए, लेकिन दिलों से कभी मिटे नहीं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसने इन अधूरी कहानियों को फिर से जीवंत कर दिया। इस वीडियो में दो दोस्त पूरे 78 साल बाद एक-दूसरे से मिलते नजर आते हैं। इंस्टाग्राम यूजर @lovely_singh9213 द्वारा साझा किए गए इस वीडियो ने लोगों के दिलों को गहराई से छू लिया। कैप्शन में लिखा था, “78 साल बाद मिले दो दोस्त।”
वीडियो में दिख रहा है कि दो बुजुर्ग आमने-सामने खड़े हैं। शुरुआत में दोनों के बीच कुछ पल की खामोशी है, जैसे वक्त ठहर गया हो और वे अपने अतीत के पन्नों को पलटने की कोशिश कर रहे हों। उनके चेहरे पर उभरती भावनाएं बता रही थीं कि यह सिर्फ मुलाकात नहीं, बल्कि यादों का सैलाब है।
