शिक्षा के मंदिर में यह कैसा गंदा खेल, स्कूल के कमरे में कंडोम और नोटों के बंडल, किसके हैं पौने 2 करोड़?
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापारा से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा के मंदिर को पूरी तरह शर्मसार कर दिया है. यहां के एक नामी प्राइवेट इंग्लिश मीडियम स्कूल के भीतर से पुलिस ने छापेमारी के दौरान 1 करोड़ 77 लाख रुपए की भारी-भरकम नकदी और बेहद आपत्तिजनक सामान बरामद किया है. इस बड़ी बरामदगी के बाद से पूरे बैरकपुर औद्योगिक अंचल में हड़कंप मचा हुआ है और स्कूल प्रबंधन के दावों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. कांचरापारा के फोरमैन कॉलोनी स्थित ‘हार्नेट इंग्लिश मीडियम स्कूल’ में यह पूरी कार्रवाई हुई है. पुलिस को काफी समय से इस स्कूल की गतिविधियों को लेकर कुछ गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं. बुधवार की रात जब बिजपुर थाने की पुलिस ने भारी बल के साथ स्कूल परिसर की दूसरी मंजिल पर स्थित एक बंद कमरे (सिक रूम/बीमारों का कमरा) में छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए. उस कमरे से भारी मात्रा में कंडोम के पैकेट बरामद किए गए, जिससे स्कूल के भीतर चल रहे किसी अनैतिक खेल की बू आ रही है.
छापेमारी के दौरान जब पुलिस की टीम स्कूल के अकाउंट्स डिपार्टमेंट यानी लेखा विभाग में दाखिल हुई, तो वहां नोटों की गड्डियां बिखरी पड़ी थीं. पुलिस ने जब रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया और अलमारियों तथा गुप्त जगहों की तलाशी ली, तो नोटों के कुल 8 बड़े बंडल बरामद हुए. इनमें से सिर्फ एक बंडल के भीतर ही 36 लाख रुपये नकद मौजूद थे. जब पुलिस ने सुबह तक सभी नोटों की गिनती पूरी की, तो यह पूरी रकम 1 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक निकली, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया.
इतनी बड़ी रकम और आपत्तिजनक सामान मिलने के बाद जब स्कूल के प्रधानाचार्य बिकाश चंद्र पाल से सवाल किया गया, तो उन्होंने पूरी घटना की जिम्मेदारी से लगभग पल्ला झाड़ लिया. प्रिंसिपल साहब का कहना है कि उन्हें इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं थी. वहीं दूसरी ओर, स्कूल प्रशासन के अन्य लोगों का दावा है कि यह सारा पैसा स्कूल की फीस और अन्य फंड का है, जिसे किसी तकनीकी कारण से बैंक में जमा नहीं कराया जा सका था. हालांकि, प्रशासन के इस लचर दावे पर कोई भी भरोसा करने को तैयार नहीं है.
इस घटना के बाद से कांचरापारा और बैरकपुर इलाके के अभिभावक बेहद गुस्से में हैं. लोगों का कहना है कि जिस स्कूल में वो अपने बच्चों को देश का भविष्य बनाने के लिए भेजते हैं, वहां कंडोम और करोड़ों का काला धन मिलना बेहद चिंताजनक है. बिजपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है. आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दी जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पैसे का असली सोर्स क्या है और इसे कहीं किसी गैरकानूनी धंधे या फंडिंग के लिए तो इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था.
