देशभर में गणेश विसर्जन आज- मुंबई में 25000 जवान तैनात, 350 से ज्यादा कुंड बनाए गए

आज गणेश उत्सव का आखिरी दिन है। देशभर में गणेश प्रतिमाओं का नदियों, तालाबों, झीलों और कृत्रिम कुंडों में विसर्जन किया जा रहा है। मुंबई में 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। विसर्जन के लिए 383 कृत्रिम कुंड बनाए गए हैं। हैदराबाद में भी 25-30 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे। निगरानी के लिए 24 ड्रोन और 10 हजार CCTV कैमरे लगाए गए हैं।

हुसैन सागर के आसपास 100 अतिरिक्त कैमरे, जबकि झील किनारे क्रेन, इमरजेंसी बोट, गोताखोर और मेडिकल पोस्ट तैनात किए गए हैं। जुलूसों के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और कई पाबंदियां लागू रहेंगी।

BMC के अनुसार, इस साल अब तक 12 दिनों तक चलने वाले त्योहार के दौरान डेढ़ दिन, पांच दिन, छह दिन और सात दिन की अवधि में 1,63,386 गणपति मूर्तियों का विसर्जन किया गया है।