बाराबंकी में गैंगवार: मुख्तार गैंग के शूटर शोएब उर्फ बॉबी की हत्या, दिनदहाड़े 10 गोलियां मारी गईं
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में गैंगवार की दहला देने वाली वारदात सामने आई है. माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी और कुख्यात शूटर मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी की असैनी मोड़ पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि बॉबी लखनऊ से वापस लौट रहा था, तभी हमलावरों ने उसे घेर लिया और उसपर करीब 10 गोलियां दाग दीं. इस घटना में शोएब ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है.
बताया जा रहा है कि बॉबी आज दोपहर बाराबंकी के असैनी मोड़ के पास से अपनी बलेनो कार से गुजर रहा था. तभी हमलावरों ने उसे घेर लिया और सरेआम गोलीबारी की घटना को अंजाम दे दिया. ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए.
