रायपुर : कार में छिपाकर रखे थे 91 किलो गांजा, डिलीवरी की थी तैयारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ : राजधानी पुलिस ने 91 किलो 240 ग्राम गांजे की बड़ी खेप की तस्करी करते ओडिशा के तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित कार की डिक्की और बोनट में गांजे के अलग-अलग पैकेट छिपाकर रखे हुए थे। इनके पास से गांजा, कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आरोपित ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर सहित दूसरे जिले में डिलीवरी करने वाले थे। थाना मंदिर हसौद में नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत अपराध कायम किया गया है।

मंगलवार को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना पर महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे वाहन को रोका। वाहन में तीन व्यक्ति सवार थे। कार की चेकिंग की गई तो डिक्की और सामने के बोनट में गांजा रखा हुआ मिला। पुलिस ने मुख्य तस्कर सत्यप्रिया मांझी सहित प्रदोश मुंडा, हितेश प्रधान को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपित अंगुल ओडिशा निवासी हैं। इस दौरान पुलिस ने कार में रखे गांजा कुल 91 किलो 240 ग्राम और इसके साथ ही कार को जब्त किया है।

मुख्य तस्कर ओडिशा निवासी सत्यप्रिया मांझी दूसरे राज्यों को गांजा आसानी से पहुंचाता था। वह सीधे संपर्क कर गांजा पहुंचा रहा था। वह अब तक रायपुर पुलिस के हाथ नहीं लगा था। पहली बार उसे पकड़ा गया है। उसका बड़ा नेटवर्क फैला हुआ है।