गरियाबंद : नक्शा पास करने से पहले ‘ठंडी बियर’ और रिश्वत मांगने वाला पटवारी निलंबित

गरियाबंद में रिश्वत लेने का ऑडियो वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। इस मामले में छुरा तहसील के हल्का नंबर 28 में पदस्थ पटवारी खेमराज साहू को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही राजस्व निरीक्षक (आरआई) और तहसीलदार को भी नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार, छुरा तहसील के हल्का नंबर 28 में पदस्थ पटवारी खेमराज साहू का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में पटवारी एक किसान से पैसे लेते हुए नजर आ रहा है। साथ ही यह भी कहते सुनाई दिया कि पैसे आरआई और तहसीलदार तक जाते हैं।

वहीं वायरल ऑडियो में पटवारी किसान से कड़कड़ाती धूप का हवाला देते हुए मौके पर आते ही “ठंडी बियर” के इंतजाम करने की मांग करता सुनाई दिया। इसके बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो-वीडियो करीब 10 दिन पुराना है। कियुटीझर गांव के एक किसान से बटांकन के लिए नक्शा काटने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। मांगे गए 10 हजार में से 5 हजार रुपये किसान लपेट कर देते हुए भी दिखाई दिया है।

मामले में कार्रवाई की पुष्टि करते हुए अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। आरआई और तहसीलदार का जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।