गरियाबंद : शादी के खाने ने पहुंचाया अस्पताल, फूड पॉइजनिंग से बीमार पड़े 44 ग्रामीण
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. इसके चलते 44 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया. मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में पहुंच चुकी है. जांच की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, मामला गरियाबंद के ग्राम पंचायत आमदी मोहलाई और दर्रीपारा बोइरगांव का है. दोनों गांव के लोग एक शादी के चौथिया कार्यक्रम में गए थे. कार्यक्रम में खाना खाने के बाद ग्रामीण बीमार पड़ गए. कार्यक्रम से गांव लौटने के बाद जब अचानक एक-एक कर सबकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो दोनों गांवों में हड़कंप मच गया.
घरों से ग्रामीणों के दर्द से कराहने की आवाजें आने लगीं. फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए ग्रामीणों को फौरन उप-स्वास्थ्य केंद्र कोसमी ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. फिलहाल आमदी मोहलाई के 17 ग्रामीण और दर्रीपारा बोइरगांव के 27 ग्रामीण बीमार हैं. सभी का इलाज जारी है. वहीं बीमारों की संख्या में लगातार इजाफा भी हो रहा है. डॉक्टर निगरानी बनाए हुए हैं.
फूड पॉइजनिंग के मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम आमदी मोहलाई और दर्रीपारा बोइरगांव को रवाना हुई. टीम मौके पर पहुंच चुकी है. मामले की जांच की जा रही है. पता लगाया जा रहा है कि आखिर किस भोजन की वजह से ग्रामीण बीमार हुए हैं. बताते चलें कि पिछले हफ्ते मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव के रहने वाले पटेल परिवार ने त्रिपुर सुंदरी मंदिर में सुहागले का कार्यक्रम रखा था. परिवार ने भेड़ाघाट चौराहे की एक मिठाई की दुकान से चार किलो मिठाई खरीदी थी. उसी मिठाई का प्रसाद चढ़ाया गया. जिसके बाद उसे सभी में बांट दिया गया. मिठाई खाने के कुछ देर बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गोटेगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. एक की हालत गंभीर थी, जिसे नागपुर रेफर किया गया था. पटेल परिवार ने पुलिस को मामले की सूचना दी थी.
