हरियाणा के सोनीपत में यमुना में गैस की पाइपलाइन लीक हो गई। यह पाइपलाइन पानीपत रिफाइनरी से उत्तर प्रदेश की तरफ जा रही है। गांव घसौली के पास पाइपलाइन लीक होते ही आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। गैस लीकेज से यमुना में पानी के बवंडर उठने लगे। इसका पता चलते ही तुरंत पानीपत रिफाइनरी से गैस का प्रेशर कम करवाया गया।
इसके साथ ही पानीपत और आसपास के क्षेत्रों के CNG पंपों की गैस सप्लाई भी बंद करवा दी गई। फिलहाल गैस के अचानक लीक होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी मान रहे हैं कि यमुना में पानी के तेज बहाव के कारण पाइपलाइन लीक हो सकती है। मौके पर अफसरों की टीम तैनात कर दी गई है ताकि किसी तरह का कोई नुकसान न हो।
हरियाणा के 9 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, भिवानी और चरखीदादरी में बारिश हो रही है। इनमें से 4 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, सोनीपत, पानीपत में भारी बारिश का अलर्ट है। लगातार बारिश से घग्गर और यमुना का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।