‘बहनों की शादी हिंदुओं से हुई, गौरी हिंदू नहीं ईसाई हैं’ आमिर खान ने ट्रोलिंग पर तोड़ी चुप्पी

बॉलीवुड परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने 61 साल की उम्र में गौरी स्प्रैट संग घर बसाया. ये आमिर की तीसरी शादी है, आमिर की तीसरी शादी को लेकर चारों ओर बवाल मचा हुआ है. बजरंग दल समेत कई हिंदू संगठनों ने उनपर लव जिहाद का आरोप लगाया. उन्हें ‘लव जिहाद’ का ‘ब्रांड एंबेसडर’ बताया जा रहा है. उनके खिलाफ फतवा भी जारी हुआ है. अब आमिर ने उनकी तीसरी शादी को लेकर उन्हें ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है.

शादी को लेकर ट्रोलिंग झेल रहे आमिर ने डेक्कन क्रॉनिकल संग बातचीत में कहा कि सच्चाई ये है कि हमारा परिवार बहुत मिलनसार और सबको साथ लेकर चलने वाला है. मेरी दोनों बहनों की शादी हिंदुओं से हुई है. मेरी बेटी की शादी भी एक हिंदू से हुई है. मेरे चचेरे भाई मंसूर ने एक ईसाई महिला से शादी की है. गौरी, रीना और किरण ने मुझसे शादी करते समय अपना धर्म नहीं बदला, क्योंकि हमारी शादी सिविल मैरिज थी. गौरी हिंदू नहीं हैं, वो ईसाई हैं.

आमिर खान ने आगे कहा कि गौरी ऐसी ईसाई हैं, जो सख्ती से धर्म का पालन नहीं करती हैं. जैसे-जैसे समय बीत रहा है, जिंदगी और भी मजेदार होती जा रही है.

आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उन्हें दो बच्चे एक बेटा जुनैद और बेटी आयरा खान है. उनकी दूसरी शादी किरण राव से हुई. दूसरी शादी से आमिर को एक बेटा आजाद है. 5 जुलाई को परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में आमिर ने तीसरी शादी रचाई. गौरी स्प्रैट एक बिजनेसवुमेन हैं. आमिर संग गौरी की दूसरी शादी है. पहली शादी से उन्हें 7 साल का एक बेटा है.