ब्रिटेन में 4 जुलाई को आम चुनाव होंगे। प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बुधवार रात लंदन स्थित 10 डाउनिंग स्ट्रीट से इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के लिए अपना भविष्य चुनने का समय आ गया है। किंग चार्ल्स III को चुनाव की टाइमलाइन के बारे में जानकारी देने के बाद जल्द ही संसद भंग कर दी जाएगी। उसके बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी बतौर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक चुनाव में पहली बार वोटर्स के सामने जाएंगे। 2022 में सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी ने चुनाव से पहले PM फेस का ऐलान नहीं किया था। चुनाव के बाद पार्टी के संसदीय दल ने सुनक को अपना नेता चुना था। सुनक को करीब 200 सांसदों का समर्थन मिला था, जिसके बाद वे पीएम बने थे। ऋषि सुनक ब्रिटेन में भारतीय मूल के पहले प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने अक्टूबर 2022 में पदभार ग्रहण किया था। यहां जनवरी 2025 में आम चुनाव होने की संभावना थी। सुनक के पास चुनाव की घोषणा के लिए दिसंबर तक का वक्त था, लेकिन उन्होंने 7 महीने पहले ही इसका ऐलान कर दिया। 2022 में फिक्स्ड टर्म इलेक्शन एक्ट रद्द करने के बाद ब्रिटेन में प्रधानमंत्री को चुनाव की तारीख तय करने का अधिकार मिला था। प्रधानमंत्री अपनी पार्टी के लिए सबसे फायदेमंद समय देखकर चुनाव की तारीख तय करते हैं। ब्रिटेन के चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी और लेवर पार्टी के बीच मुख्य मुकाबला है। सुनक कंजर्वेटिव पार्टी की तरफ से PM का चेहरा हो सकते हैं। उनके खिलाफ लेबर पार्टी के नेता सर कीर स्टार्मर होंगे। कीर स्टार्मर इंग्लैंड में पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के पूर्व डायरेक्टर और अप्रैल 2020 से लेबर पार्टी के नेता हैं। कई ओपिनियन पोल में लेबर पार्टी सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी से काफी आगे है। हालांकि, कंजर्वेटिव और लेबर के अलावा स्कॉटिश नेशनल पार्टी, लिबरल डेमोक्रेट और डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी ब्रिटेन की तीन सबसे बड़ी पार्टियां हैं।
