पेरू में GenZ प्रदर्शन, 1 की मौत,100 घायल, 7 दिन पहले बने राष्ट्रपति से इस्तीफा मांगा

दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में GenZ भ्रष्टाचार को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में गुरुवार को एक युवा की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें 80 पुलिस कर्मी और 10 पत्रकार शामिल हैं। इसके बाद प्रदर्शन के दौरान GenZ कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में हजारों युवाओं ने नए राष्ट्रपति जोस जेरी का इस्तीफा मांगा। राष्ट्रपति जेरी ने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया। जेरी 10 अक्टूबर को सत्ता में आए थे, जब संसद ने पूर्व राष्ट्रपति दीना बोलुआर्ते को हटा दिया था। जेरी पिछले 5 साल में छठे राष्ट्रपति हैं। जेरी ने प्रदर्शनों को लेकर कहा, ‘मेरा दायित्व देश में स्थिरता बनाए रखना है, यही मेरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता है।’ उन्होंने संसद से अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष अधिकार मांगे हैं। GenZ के प्रदर्शनों के कारण पिछले एक महीने में तीन देशों (पेरू, नेपाल और मेडागास्कर) में राजनीतिक तख्तापलट या सत्ता परिवर्तन हुआ है। 

इस प्रदर्शन में 32 साल के रैपर और प्रदर्शनकारी एडुआर्डो रूइज की गोली लगने से मौत हुई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने ‘जेरी बलात्कारी है’ जैसे नारे लगाए। भीड़ ने आगजनी की, जबकि पुलिस ने आंसू गैस और रबर की गोलियां दागी। पेरू के लोग पिछले कई दशकों से भ्रष्टाचार और नेताओं की नाकामी से परेशान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *