घग्गर में बढ़ते जल स्तर को लेकर सरकार ने अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में घग्गर, पंचकूला, अंबाला, कैथल, फतेहाबाद और सिरसा जिले से गुजरकर राजस्थान में प्रवेश करती है। वहीं यह बीच-बीच में पंजाब के पटियाला, संगरूर और मानसा जिलों से होकर निकलती है। सिरसा में ओटू हेड पर अलर्ट घोषित किया है। हेड के गेट भी खोल दिए गए हैं।
48 हजार क्यूसेक पानी आया
घग्गर में इस समय 48710 क्यूसेक पानी है। यह पानी गुहला चीका में दर्ज किया गया है। पंजाब के खनौरी हेड पर 7300 क्यूसेक, चांदपुरा हेड पर 2550 क्यूसेक पानी है। सिरसा में ओटू हेड पर अभी तक 1700 क्यूसेक पानी है। यह पानी पंजाब के सरदलूगढ़ एरिया में हुई बारिश का है। घग्गर का पानी सिरसा आने में अभी एक दिन का समय लगेगा।
2010 में टूटी थी घग्गर
सिरसा में घग्गर नदी का बांध ओटू हेड से आगे साल 2010 में टूटा था। तब घग्गर ने रानियां क्षेत्र में तबाही मचाई थी। हजारों एकड़ फसल जलमग्न हो गई थी। बणी गांव पूरी तरह से पानी में डूब गया था। कई गांवों को खाली कराया गया था।