घी बेचने वाली महिला ने RI से 45 लाख ठगे, 50 तोला नकली सोना देकर असली गोल्ड-कैश ले उड़ी

छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर नगर निगम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर (RI) हबीब खान से 45 लाख की ठगी हुई है। गुजरात की 1 महिला पिछले 7 सालों से उनके घर देशी घी बेचने आती थी। जिससे RI उन पर भरोसा करने लगे थे। इसी बात का फायदा उठाकर ठग महिला ने नकली सोने के बिस्किट देकर 20 तोला असली सोने के जेवर और 15 लाख कैश ले लिए। मामला सरगुजा थाना क्षेत्र का है। ठग ने घर में अपनी बेटी की शादी होने का झांसा दिया था। इसी झांसे में अफसर आ गए और उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए बनाए गहनों को महिला को दे दिया। शिकायत के बाद महिला और उसके 3 अन्य साथियों को पुलिस ने पकड़ा है।

जिस शख्स से ठगी हुई वह अंबिकापुर नगर निगम में RI (रेवेन्यू इंस्पेक्टर) पद पर है। मंजू राठौर नाम की महिला उनके घर 6-7 सालों से देशी घी बेचने आया करती थी। वह खुद को राजस्थान के किशनगढ़ की रहने वाली बताती थी। लेकिन वास्तव में वह गुजरात की थी। होली से पहले मंजू 50 तोला नकली सोने का बिस्किट लेकर अफसर के घर गई और बोली कि उसके घर शादी है, इसलिए बिस्किट के गहने बनवा दीजिए। कई सालों से घर आने के कारण अफसर का उसपर पूरा भरोसा था। अफसर ने मंजू से कहा था कि वे होली के बाद गहना बनाने के लिए देंगे। मंजू 7 मार्च को फिर अपने दो अन्य साथियों के साथ अफसर के घर पहुंची। उसे जानकारी थी कि अफसर ने अपनी बेटी की शादी के लिए पहले ही गहने बनवा लिए हैं।

मंजू ने साथ लाए सोने के बिस्किट को अफसर को देकर कहा कि आपके घर शादी में देर है। मेरे यहां तत्काल शादी है। आप अपनी बेटी के लिए बनवाए गए गहने और 15 लाख रुपए दे दीजिए। नकली सोने के बिस्किट का वजन 500 ग्राम (50 तोला) था।

अफसर ने नकली सोने का बिस्किट रख लिया और अपनी बेटी की शादी के लिए बनवाए गए असली गहने कान के टॉप्स, कंगन, हार, अंगूठी कुल वजन लगभग 200 ग्राम (20 तोला) अपने पास बेटी की शादी के लिए रखा 15 लाख रुपए नगद दे दिया। मंजू और उसके साथी जेवर के साथ नगदी लेकर चले गए। महिला और उसके साथियों के जाने के कुछ देर बाद ही अफसर को शक हुआ। जिसके बाद वह पास के ही सोनार दुकान में सोने के बिस्किट की जांच कराने पहुंचे।

जांच में सोना नकली निकला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया।