गिरिडीह में छोड़खानी का विरोध किया तो महिला पर डाल दिया खौलता तेल, एक आरोपी गिरफ्तार

झारखंड : गिरिडीह जिले में एक महिला के ऊपर खौलता तेल उड़ेल दिया गया. मामला छेड़खानी से जुड़ा हुआ है. घटना मुफस्सिल थाना इलाके के एक गांव से जुड़ी हुई है. रविवार को देर शाम की इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना में झुलसी महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. मामले को लेकर पीड़िता ने बताया कि वह दुकान चलाती थी. रविवार की शाम को भी वह पकौड़ी बना रही थी, तभी बगल गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी आए. आते ही दोनों ने छेड़खानी शुरू कर दी. उसने जब विरोध किया तो खौलता हुआ तेल उसके ऊपर उड़ेल दिया जिससे वह बुरी तरह झुलस गई. गांव के लोग उसे लेकर सदर अस्पताल आ गए.

पूर्व मुखिया ने बताया कि महिला का परिवार इसी दुकान से चलता है. जिन दोनों लड़कों ने महिला के साथ छेड़खानी की और फिर जान लेने का प्रयास किया, वे दोनों लड़के बदतमीज स्वभाव के हैं. इनके द्वारा पूर्व में भी कई तरह की हरकतें की गई हैं. चूंकि दोनों दबंग परिवार से आते हैं. इसलिए उनसे कोई उलझता नहीं है, लेकिन अब हद हो गई है. ऐसे लड़कों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. पूर्व मुखिया ने बताया कि महिला के बेहतर इलाज में लोग जुटे हुए हैं.