फॉलोअर्स बढ़ाने की चाहत, 12 वर्षीय बच्ची ने हिंदू देवी-देवताओं पर कहे अपशब्द, माता-पिता गए जेल

उत्तरप्रदेश : इटावा में REEL के चक्कर में एक 12 साल की बच्ची खुद भी फंसी और अपने माता-पिता को जेल भिजवा दिया। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में उसने हिंदू देवी-देवताओं को गालियां दी और वीडियो बनाकर पोस्ट कर दिए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिस पर हिंदू संगठनों ने एतराज जताया। तमाम सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इटावा और यूपी पुलिस को टैग करते हुए शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर आरोपी लड़की, उसके एक दोस्त और माता-पिता पर केस दर्ज किया। लड़की को नारी निकेतन भेज दिया गया है। वहां जाने से पहले लड़की ने माफी मांगी। उसने कबूल किया कि वह फॉलोअर्स बढ़ाना चाहती थी। माता-पिता को जेल भेज दिया गया। मामला इटावा शहर का है।

मामला थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के मोहल्ला तकिया आजाद नगर टीला का है। यहां रहने वाले शाबिर और शबीना पर थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार को FIR दर्ज हुई। जिसमें आरोप है कि उनकी 12 साल की बेटी ने इंस्टाग्राम पर हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी कर वीडियो पोस्ट किए थे। लड़की ने 27 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक मिनट का वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें उसने भगवान राम और माता सीता को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं और गालियां देती नजर आ रही है।

उसने कहा, हम लोगों ने ही राम को सीता का पता बताया था जब रावण उन्हें लेकर चला गया था। वो कमेंट ब्लॉक करने की बात कह रही है। साथ ही कह रही है कि किसी में हिम्मत है तो मुझे जेल भिजवाकर दिखाए। कई यूजर्स ने लड़की के वीडियो पर आपत्ति जताई और पुलिस से मामले का संज्ञान में लेने की बात कही। लोगों ने लिखा कि लड़की को जेल भेजा जाना चाहिए। उसपर कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों ने गुस्सा बढ़ता देख पुलिस हरकत में आई। कई हिंदू संगठनों ने भी पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि लड़की द्वारा बनाए गए वीडियो की जानकारी उसके माता-पिता और एक मित्र को पहले से थी, लेकिन उन्होंने उसे रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।

इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए पुलिस ने नाबालिग लड़की, उसके माता-पिता और एक अन्य युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लड़की को नारी निकेतन भेजा गया है, जबकि माता-पिता सहित दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस एक अन्य आरोपी आरिफ की तलाश में दबिश दे रही है। बताया जाता है कि वो आरोपी दूसरे जिले का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

सीओ सिटी ने कहा- मामले का संज्ञान लेकर लड़की के माता पिता को पकड़ा गया है। उनपर केस दर्ज कर जेल भेजा गया है। जबकि नाबालिग लड़की को नारी निकेतन भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *