बोरे में बांधकर 5 साल की मासूम को फेंका, अचानक लापता हुई थी बच्ची, पुलिस ने एक संदिग्ध को किया अरेस्ट
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। 5 साल की एक मासूम बच्ची को किसी ने बोरे में बंद कर फेंक दिया है। स्थानीय लोगों ने जब बोरे में हलचल देखी तो पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने बोरे को खोलकर देखा तो बेहोशी की एक हालत में बच्ची मिली है। बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बच्ची काफी डरी और सहमी हुई है। जानकारी के अनुसार, बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिवार और गांव के लोग बच्ची की तलाश कर रहे थे। काफी देर खोजबीन के बाद दो युवकों ने कुएं के पास एक बोरा देखा। बोरे में हो रही हलचल से दोनों युवकों को शक हुआ। उसके बाद गांव के लोगों को बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने फौरन मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जब बोरा खोला गया तो अंदर बच्ची मिली। बच्ची के मुंह को तकिया के खोल से बंधा गया था। इस हादसे के बाद बच्ची डरी और सहमी हुई है। बच्ची कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम बच्ची का मेडिकल परीक्षण कर रही है। उसके बाद क्लियर होगा बच्ची के साथ क्या हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम ने सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। बड़ी संख्या में गांव के लोग उतई थाने पहुंचे। ग्रामीण की मांग है कि बच्ची को न्याय मिले। वहीं, पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है। परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया है। उतई पुलिस के अनुसार, बच्ची अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। उसकी हालत बेहतर होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
