हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने लड़कियों को लेकर विवादित टिप्पणी की है। कैथल में आरकेएसडी कॉलेज में साइबर क्राइम और जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि ओयो रूम में लड़कियां हनुमान की आरती करने नहीं जाती हैं, लड़कियों को ऐसी जगहों पर जाते समय यह ख्याल रखना चाहिए कि कुछ गलत भी हो सकता है।
लड़का या लड़की कॉलेज में आते ही समझने लगते हैं स्वतंत्र- भाटिया
रेणू भाटिया ने कहा कि लड़का या लड़की कॉलेज में आते ही अपने आप को स्वतंत्र मानने लगते हैं। उनको लगता है कि पता नहीं उन्हें क्या मिल। उन्होंने कहा कि लड़कियों को लगता है कि वह जो चाहे पहने और जहां मन करें जाएं। साथ ही कहा कि लड़के भी यह सोचने लग जाते है कि कॉलेज में आते ही उनका गर्ल फ्रेंड घुमाने का समय शुरू हो गया।
कानून के चलते हमारे हाथ बंधे रहते हैं- रेणू
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कहा कि जितने भी शारीरिक शोषण के मामले आते हैं, वह ज्यादातर लिवइन के होते हैं। जिसके कारण मामलों में दखल देना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि कानून के चलते हमारे हाथ बंधे रहते हैं। रेणू भाटिया ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन में बने लिवइन रिलेशनशिप कानून के चलते आयोग को कई मामलों में हाथ बांधे रखने पड़ते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस कानून की समीक्षा करने और इसमें बदलाव करने की जरूरत है।
परिवार टूट रहे- रेणू भाटिया
रेणू भाटिया ने कहा कि इस लिवइन कानून के चलते अपराध कम नहीं हो रहे बल्कि बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की वजह से परिवार टूट रहे है। मामलों में पीड़िता यही बताती है कि आरोपी ने पेय पदार्थ में कुछ मिलाकर पिलाया और उसके बाद शारीरिक शोषण किया है, क्या लड़कियों को ये पता नहीं होता ऐसी जगहों पर जाएगी तो कुछ गलत भी हो सकता है।