नक्सलियों का छिपाया 7 किलो सोना, 3 करोड़ कैश मिला, 31 मार्च को 34 नक्सलियों का सरेंडर

छत्तीसगढ़ में नक्सली खात्मे की डेडलाइन (31 मार्च) के दिन नक्सलियों का छिपाया हुआ 14 करोड़ का माल मिला है। बीजापुर में 25 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनसे मिले इनपुट के बाद ही 3 करोड़ कैश और 7 किलो गोल्ड बरामद हुआ। इसे अब तक का सबसे बड़ा डंप माना जा रहा है। इसी तरह 4 जिलों में 34 नक्सलियों ने हथियार डाले हैं। इसमें दंतेवाड़ा में 5, सुकमा में 2 और कांकेर में 2 नक्सली शामिल है। पुलिस ने दंतेवाड़ा जिले को नक्सल मुक्त होने का दावा किया है। वहीं, कांकेर में अब भी 14 नक्सली सक्रिय है, पुलिस इनसे संपर्क की कोशिश कर रही है। बीजापुर में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) के 25 नक्सलियों ने 93 हथियारों के साथ सरेंडर किया है। इसमें 12 महिला माओवादी कैडर शामिल हैं। सभी पर 1.47 करोड़ का इनाम घोषित था।

इनमें मंगल कोरसा ऊर्फ मोटू, आकाश ऊर्फ फागु उईका, DVCM शंकर मुचाकी, ACM राजू रैयाम ऊर्फ मुन्ना, ACM पाले कुरसम जैसे बड़े नक्सली शामिल है। मंगल 8 लाख इनामी रहा है और 12 बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। शंकर मुचाकी (33) भी 8 बड़े वारदातों में शामिल रहा। पाले कुरसम 5 घटनाओं में शामिल था।

जिले में 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 मार्च 2026 तक कुल 1003 माओवादी कैडरों ने सरेंडर किया है। इसके पहले 5.37 करोड़ का डंप मिला था, जिसमें 1.64 करोड़ का 1 किलो सोना और 3.73 करोड़ कैश था। इस प्रकार अब तक 19.43 करोड़ का डंप मिला है। जिसमें 6.63 करोड़ कैश और 12.80 करोड़ का 8.20 किग्रा सोना शामिल है।

दंतेवाड़ा पुलिस लाइन कारली में मंगलवार (31 मार्च) को “पूना मारगेम-पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के तहत सरेंडर कार्यक्रम हुआ। इसमें दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े 5 नक्सली मुख्यधारा में लौटे हैं। इनमें 4 महिला कैडर शामिल हैं।

पुलिस ने अलग-अलग ऑपरेशन के दौरान इंसास, SLR, कार्बाइन, लॉन्चर समेत कई हथियार भी बरामद किए हैं। एसपी गौरव राय ने दावा किया है कि अब दंतेवाड़ा जिला भी नक्सल मुक्त हो चुका है। यहां की आबो हवाओं में अब हिंसा नहीं बल्कि अमन, चैन और शांति महसूस की जा सकती है।

सुकमा में 2 महिला नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इन पर 8-8 लाख का इनाम था। वे माओवादी कैडर के रैंक कंपनी के सदस्य है, सुकमा के ही रहने वाली है। सरेंडर के बाद इनसे मिले इनपुट के बाद हथियारों और 5 लाख कैश का बड़ा डंप भी मिला है।

जनिला उर्फ मड़कम हिंडमे (30), इनाम – 8 लाख
सोनी उर्फ माड़वी कोसी (24) इनाम – 8 लाख

कांकेर जिले में 2 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। यहां पिछले 6 दिन में 11 नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं। जिले में अभी भी करीब 14 नक्सली सक्रिय हैं। इनमें डीवीसीएम स्तर के चंदर और रूपी शामिल है।

पुलिस आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से जानकारी जुटाकर अब इलाके में छिपे बाकी नक्सलियों से संपर्क शुरू कर रही है। पुलिस उन्हें समझाकर मुख्यधारा में लाने की कोशिश कर रही है।

पीपीसीएम (PPCM) शंकर
पीएम (PM) हिड़मा डोडी