Gold Silver Price Today: रक्षाबंधन से पहले सोने के भाव में उछाल, चांदी 2.41 लाख के पार
सोने की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है. आज 27 अगस्त को MCX पर सोने का भाव 637 रुपये चढ़कर 1,60,300 रुपये पर पहुंच गया है. वहीं चांदी भी 1,668 रुपये महंगी होकर 2,41,306 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. इंटरनेशनल मार्केट में भी दोनों कीमती मेटल्स में तेजी है. गोल्ड 0.71 फीसदी बढ़कर 4,686 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.67 फीसदी चढ़कर 69 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है.
सोने की कीमतों में पिछले सेशन में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई थी, लेकिन अब इसमें फिर मजबूती दिखाई दे रही है.बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श के बयान पर है. साथ ही अमेरिका में महंगाई और ब्याज दरों को लेकर मिलने वाले संकेत भी सोने की आगे की चाल के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं.
अमेरिका में जुलाई की सालाना महंगाई दर उम्मीद के उलट स्थिर रही. यह लगातार 65वें महीने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के 2 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है. ऐसे में ब्याज दरों को लेकर बाजार में आगे क्या फैसला हो सकता है, इस पर निवेशकों की नजर है.
चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले और तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है. मजबूत मांग और करेंसी में बदलाव का असर चांदी के भाव पर पड़ा है. साल 2023-24 में चांदी करीब 78,600 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर पहुंच गई.
फिलहाल चांदी 2,41,306 रुपये प्रति किलो पर है. यानी कुछ समय में इसकी कीमत में काफी बड़ा उछाल आया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी 69 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है.
