Gold Silver Price Today: धनतेरस से पहले सोने-चांदी में बड़ी गिरावट, 2,000 रुपये तक सस्ती हुई चांदी

सोने-चांदी के दाम में आज 4 नवंबर को फिर से गिरावट देखी जा रही है. सोने का भाव 202 रुपये गिरकर 139250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है. MCX पर चांदी की कीमत भी 1887 रुपये फिसलकर 177811 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है. कॉमैक्स पर चांदी का रेट 0.98 फीसदी गिरकर 49 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है. सोने का भाव 0.19 फीसदी तेजी के साथ 3,947 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है. कच्चे तेल की कीमतों में मंगलवार को करीब 2% की गिरावट दर्ज की गई और यह तीन हफ्तों के निचले स्तर पर पहुंच गया। बाजार में निवेशक यूक्रेन और ईरान के साथ जारी युद्ध को खत्म करने के लिए चल रही बातचीत पर नजर बनाए हुए हैं. हालांकि, दोनों संघर्षों के बीच हालिया हमलों से तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है. बाजार में इन दोनों स्थितियों के कारण तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.

इस साल धनतेरस 6 नवंबर को मनाई जाएगी. इस दिन सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है. भारत में कई परिवारों के लिए धनतेरस पर इन धातुओं की खरीदारी सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि परंपरा और भविष्य के लिए बचत का भी हिस्सा है. ऐसे में सोने और चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट से ग्राहकों को कुछ राहत मिली है.

धनतेरस से पहले चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद खरीदारी का अच्छा मौका बन सकता है. जयपुर, लखनऊ, कोयंबटूर, मदुरै, विजयवाड़ा, पटना, नागपुर, चंडीगढ़ और सूरत समेत कई शहरों में चांदी के भाव एक समान हैं. इन शहरों में 10 ग्राम चांदी की कीमत 1,999 रुपये, 100 ग्राम की कीमत 19,990 रुपये और 1 किलो चांदी का भाव 1,99,900 रुपये है. यानी ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से चांदी खरीद सकते हैं.
भारत में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बावजूद लोग सोने के गहने खरीदने पर पहले से ज्यादा पैसे खर्च कर रहे हैं। हालांकि, ऊंची कीमतों के कारण सोने की खरीदारी की मात्रा में कमी आई है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के पहले 9 महीनों में सोने के गहनों की मांग सालाना आधार पर 18% घटकर 241.1 टन रह गई. इसके बावजूद इनकी खरीदारी पर खर्च 29% बढ़कर 3,618.3 अरब रुपये पहुंच गया. यानी लोग कम सोना खरीदकर भी ज्यादा पैसे खर्च कर रहे हैं.