Gold Silver Rate Today : सोने-चांदी के भाव में दूसरे दिन भी तेजी, सिल्वर ₹7000 उछला तो गोल्ड भी ₹2500 चढ़ा

घरेलू वायदा बाजार में 27 नवंबर को लगातार दूसरे दिन सोना और चांदी के भाव में जोरदार तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमत करीब 7,000 रुपये प्रति किलो उछल गई, जबकि सोना भी लगभग 2,500 रुपये महंगा हो गया। अमेरिका से आए महंगाई के मजबूत आंकड़ों और ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदों का असर कीमती धातुओं पर दिखाई दे रहा है।

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 2.13 फीसदी की तेजी के साथ 1,24,877 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी इसमें करीब 2,500 रुपये की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, चांदी की कीमत में ज्यादा तेजी देखने को मिली। इसका वायदा भाव 4.81 फीसदी उछलकर 1,52,851 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था। पिछले कारोबारी सत्र में भी दोनों धातुओं की कीमतों में तेजी आई थी।

विदेशी बाजार में भी सोने की कीमतों में मजबूती रही। स्पॉट गोल्ड 2.03 फीसदी चढ़कर 3,655.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले सोना अगस्त 2025 के बाद अपने निचले स्तर पर आ गया था और एक समय 3,500 डॉलर प्रति औंस से नीचे भी कारोबार कर रहा था।