रायपुर में जली कर्मचारियों से भरी सरकारी बस, 30 से ज्यादा ने कूदकर बचाई जान, महानदी भवन के पास मची अफरा-तफरी

रायपुर: नवा रायपुर में बुधवार शाम चलती सरकारी बस अचानक आग का गोला बन गई। महानदी भवन के पास हुए इस हादसे के दौरान बस में 30 से ज्यादा शासकीय कर्मचारी सवार थे। कर्मचारी दफ्तर का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। अचानक बस के इंजन की तरफ से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महानदी भवन के पास पहुंचते ही बस के निचले हिस्से और इंजन की तरफ से काला धुआं निकलता दिखाई दिया। ड्राइवर ने स्थिति भांपते हुए बस रोकने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी।
बस के भीतर धुआं भरने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही पलों में हालात ऐसे हो गए कि कर्मचारियों को बाहर निकलने के लिए खिड़कियों और दरवाजों का सहारा लेना पड़ा।

आग बढ़ती देख बस में सवार कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए बाहर निकलना शुरू किया। कई कर्मचारी खिड़कियों से बाहर कूदे, जबकि अन्य दरवाजे से निकले।

गनीमत रही कि सभी 30 से ज्यादा कर्मचारी समय रहते बस से बाहर निकल गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस का बड़ा हिस्सा जल चुका था।

आग लगने की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।

सबसे बड़ी राहत यही रही कि आग ने बस को पूरी तरह अपनी चपेट में लेने से पहले सभी कर्मचारी बाहर निकल गए। वरना महानदी भवन के पास यह हादसा बड़ा जनहानि वाला बन सकता था।