दिवाली से पहले हर किसान को 5000 रुपये देगी सरकार, इस राज्य में हुआ बड़ा ऐलान

महाराष्ट्र के किसानों के लिए सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है. राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि राज्य के किसानों को 5000 रुपये की अंतरिम मदद दिए जाने का फैसला किया गया है. इसका भुगतान दिवाली से पहले किया जाएगा. सीएम के मुताबिक, सरकार ने ये फैसला राज्य के सूखाग्रस्त घोषित होने के बाद लिया गया है और इसलिए भी क्योंकि Diwali से पहले केंद्र सरकार से मदद मिलने की उम्मीद नहीं है.

बता दें, इसी महीने महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में गंभीर सूखे की स्थिति को देखते हुए कुल 34 जिलों के अंतर्गत आने वाले 305 तालुकों में सूखा घोषित किया है. शुरुआत में राज्य के 265 तालुकों में सूखा घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 305 कर दिया गया. यह राज्य का लगभग 75% हिस्सा है.

यह सूखा राज्य के सभी 6 राजस्व विभागों खासकर मराठवाड़ा, विदर्भ, उत्तर महाराष्ट्र और पुणे संभाग के कई जिलों में फैला हुआ है. सरकार द्वारा इस स्थिति में किसानों को फसल कर्ज वसूली पर रोक, बिजली बिलों में छूट, पानी की व्यवस्था और आर्थिक सहायता जैसी कई राहतें दी जा रही हैं. इस बीच महाराष्ट्र सरकार का दिवाली से पहले किसानों को 5000 रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान एक बड़ी राहत है.