छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र से बढ़ जाएगी सरकारी स्कूलों की फीस
रायपुर। प्रदेश में नए शिक्षा सत्र 2026-27 से स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न स्थानीय शुल्कों के लिए अब अधिक राशि चुकानी होगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए शुल्क वृद्धि को मंजूरी दे दी है। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार बढ़ी हुई फीस आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रभावी होगी। इस फैसले के बाद अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच अब बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी बढ़ने वाला है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक विद्यालयों में आयोजित होने वाली विभिन्न शैक्षणिक और सहशैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। परीक्षा सामग्री, खेल सामग्री, विज्ञान प्रयोगशाला उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए स्थानीय शुल्कों में संशोधन का निर्णय लिया गया है।
बताया गया कि यह फैसला प्रशासकीय समिति की अनुशंसा के आधार पर लिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत पड़ रही है। वर्तमान शुल्क दरों में स्कूलों को कई गतिविधियों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी कारण स्थानीय शुल्कों में आंशिक वृद्धि की स्वीकृति दी गई है। हालांकि विभाग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस मद में कितनी वृद्धि की गई है। विस्तृत शुल्क दरें अलग से जारी की जाएंगी। इसके बावजूद अभिभावकों में इस फैसले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
उनका कहना है कि शिक्षा से जुड़े खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अब सरकारी स्कूलों में भी अतिरिक्त शुल्क का बोझ बढ़ना चिंता का विषय है। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि बढ़ी हुई राशि का उपयोग विद्यालयों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।
हाईस्कूल कार्यकलाप राशि 50 से बढ़कर 65 रुपये।
निर्धन छात्र सहायकता निधी 10 से बढ़कर 15 रुपये।
विज्ञान क्लब निधि-विज्ञान क्लब 20 से बढ़कर 25 रुपये।
बलचर निधि 50 से बढ़कर 60 रुपये।
रेडक्रॉस निधि 30 से 30 रुपये।
क्रीड़ा निधि 50 से बढ़कर 65 रुपये।
विज्ञान प्रायोगिक शुल्क 50 से बढ़कर 65 रुपये।
उच्चतर माध्यमिक स्कूल के लिए शुल्क
कार्यकलाप राशि 50 से बढ़कर 75 रुपये।
निर्धन छात्र सहायकता निधि 10 से बढ़कर 15 रुपये।
विज्ञान क्लब निधि-विज्ञान क्लब 20 से बढ़कर 30 रुपये।
बलचर निधि 50 से बढ़कर 60 रुपये।
रेडक्रॉस निधि 30 से 30 रुपये।
क्रीड़ा निधि 65 से बढ़कर 75 रुपये।
विज्ञान प्रायोगिक शुल्क 70 से बढ़कर 85 रुपये।
