‘लॉन्ग लिव राहुल गांधी’, शपथ में मंत्री के बोलते ही गवर्नर ने टोका
तमिलनाडु में सी जोसेफ विजय की अगुवाई वाली सरकार का कैबिनेट विस्तार हो गया है. इस मंत्रिमंडल विस्तार में 23 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली. इनमें कांग्रेस के भी दो विधायक शामिल हैं. सीएम विजय ने टीवीके की सरकार में शामिल हुए नौ नए मंत्रियों को विभागों की जिम्मेदारी भी दे दी है. कैबिनेट विस्तार और विभाग बंटवारे के बीच चर्चा में कांग्रेस विधायक राजेश कुमार का शपथग्रहण रहा. दरअसल, कांग्रेस विधायक राजेश कुमार को विजय सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है. मंत्री पद की शपथ लेने के बाद कांग्रेस विधायक राजेश कुमार ने- लॉन्ग लिव कामराज, लॉन्ग लिव राहुल गांधी और लॉन्ग लिव राजीव गांधी. राजेश कुमार ने इतना कहा था कि राज्यपाल ने उनको टोका. तमिलनाडु के राज्यपाल ने राजेश कुमार को टोकते हुए कहा कि यह आपकी शपथ का हिस्सा नहीं है.
वहीं, टीवीके विधायक थेन्नारसु जब मंत्री पद की शपथ ले रहे थे, तब भी कुछ ऐसा हुआ जो अब चर्चा में आ गया है. थेन्नारसु ने राज्यपाल के बोलने से पहले ही शपथ पढ़ना शुरू कर दिया. राज्यपाल ने उनसे रुकने को कहा. राज्यपाल ने थेन्नारसु से कहा कि जरा इंतजार कीजिए. टीवीके विधायक ने शपथ शुरू करते हुए कहा कि थलपति के बिना मैं कुछ भी नहीं हूं.
टीवीके की सरकार में चेन्नई का दबदबा साफ देखने को मिलता है. तमिलनाडु की कैपिटल सिटी के कुल 14 में से नौ विधायकों को विजय सरकार में या तो कैबिनेट मंत्री बनाया गया है या फिर कैबिनेट मंत्री के बराबर रैंक वाले पद दिए गए हैं. सीएम विजय खुद भी चेन्नई की विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं. वहीं, बी आनंद, ए अर्जुन, वेंकटरमणन, राजमोहन, एन मैरी विल्सन, आर कुमार भी चेन्नई की ही विधानसभा सीटों से विधानसभा पहुंचे हैं.
तमिलनाडु विधानसभा के स्पीकर जेसीडी प्रभाकर और सत्ताधारी टीवीके के चीफ व्हिप सबरीनाथन भी चेन्नई की सीट का ही प्रतिनिधित्व करते हैं. सीएम विजय ने अपनी कैबिनेट के 23 नए मंत्रियों में विभागों का बंटवारा भी कर दिया है. सीएम ने के जेगेदेस्वरी को महिला कल्याण विभाग दिया है और गरीबी उन्मुलन विभाग अपने पास रखा है. कांग्रेस के राजेश कुमार को पर्यटन और पी विश्वनाथन को उच्च शिक्षा विभाग मिला है.
विजय की अगुवाई वाली सरकार में अब वित्त मंत्री भी बदल गया है. पहले केए सेंगोट्टैयन को वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. सीएम विजय ने वित्त विभाग अब सेंगोट्टैयन से लेकर एन मैरी विल्सन को सौंप दिया है. सेंगोट्टैयन को अब राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग सौंपा गया है. एन मैरी विल्सन को वित्त के साथ ही योजना और विकास विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. श्रम कल्याण और कौशल विकास विभाग टीवीके कोटे के मंत्री मोहम्मद फरवास को सौंपे गए हैं.
