गुजरात तीसरी बार IPL के फाइनल में, राजस्थान को 7 विकेट से हराया, गिल का शतक

गुजरात टाइटंस IPL में तीसरी बार फाइनल में पहुंच गई है। टीम ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया। फाइनल में 31 मई को गुजरात का मुकाबला अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। शुक्रवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। गुजरात का IPL में यह सबसे बड़ा रन चेज है। पिछला सबसे बड़ा सफल रन चेज 204 रनों का था।

गुजरात के जीत के हीरो शुभमन गिल रहे, जिन्होंने 53 गेंदों में 104 रन की कप्तानी पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं साई सुदर्शन ने भी 32 गेंदों में 58 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी हुई, जिसने राजस्थान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। सुदर्शन लगातार दूसरे मैच में हिट विकेट आउट हुए, जबकि गिल को जोफ्रा आर्चर ने LBW किया। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन की तेज पारी खेली और आखिर में राहुल तेवतिया ने 9 गेंदों में नाबाद 17 रन बनाकर छक्का लगाते हुए मैच खत्म किया। जोस बटलर 9 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान की ओर से आर्चर, नांद्रे बर्गर और ब्रिजेश शर्मा को 1-1 विकेट मिला।

इससे पहले, राजस्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल पहले ही ओवर में 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों में 96 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। जडेजा ने भी जिम्मेदारी से खेलते हुए नाबाद 45 रन बनाए। बीच में रियान पराग (11), दासुन शनाका (3) और जोफ्रा आर्चर (7) जल्दी आउट हो गए, लेकिन आखिरी ओवरों में डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 38 रन ठोके, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। फरेरा और जडेजा के बीच सातवें विकेट के लिए नाबाद 42 रन की साझेदारी हुई, जिसने राजस्थान को 200 के पार पहुंचाया।

गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जोसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली।