गिल की फिफ्टी से गुजरात लगातार तीसरा मैच जीता, कोलकाता IPL सीजन में 5वां मैच हारी

गुजरात टाइटंस ने IPL के मौजूदा सीजन में लगातार तीसरी जीत हासिल की है। टीम ने शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराया। अहमदाबाद में 181 रन का टारगेट गुजरात ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। टॉस जीतकर बैटिंग कर रही कोलकाता 20 ओवर में 180 रन पर ऑलआउट हो गई। GT की टीम तीसरी जीत के साथ पॉइंट्स टेबल के चौथे स्थान पर आ गई है। जबकि, KKR सबसे निचले पायदान पर है। टीम को पहली जीत की तलाश है।

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने रन चेज को एकतरफा कर दिया। उन्होंने 50 बॉल पर 86 रन की पारी खेली। वे साई सुदर्शन के साथ ओपन करने उतरे। दोनों ने 31 बॉल पर 57 रन की ओपनिंग साझेदारी की। गिल ने बटलर के साथ 38 और सुंदर के साथ 46 रन की साझेदारी की। गिल के अलावा, साई सुदर्शन ने 22, बटलर ने 25 और सुंदर ने 13 रन बनाए। वरुण चक्रवर्ती को 2 विकेट मिले।

टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी कोलकाता की ओर से कैमरन ग्रीन ने 55 बॉल पर 7 चौके और 4 छक्के के सहारे 79 रन की पारी खेली। टीम का कोई अन्य बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

कगिसो रबाडा ने 3 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान को एक-एक विकेट मिला।