गौतम बुद्ध की इन 5 हस्त मुद्राओं में छिपा है जीवन बदलने का मंत्र, घर में भी बढ़ती है पॉजिटिव एनर्जी
आज पूरे देश में बुद्ध पूर्णिमा का पर्व मनाया जा रहा है. पौराणिक मान्यतानुसार, बुद्ध पूर्णिमा के दिन ही गौतम बुद्ध का जन्म, ज्ञान और महानिर्वाण की प्राप्ति हुई थी. इस दिन लोग गौतम बुद्ध की शिक्षाओं को याद भी करते हैं. वहीं, वास्तु शास्त्र के मुताबिक, इस दिन गौतम बुद्ध से जुड़ी कई चीजें घर लाना शुभ माना जाता है, जिनमें सबसे खास हैं गौतम बुद्ध की हस्त मुद्राओं वाली प्रतिमाएं. आपने अक्सर घरों में या घरों के बाहर गौतम बुद्ध की मूर्ति कभी न कभी जरूर देखी होगी. लेकिन क्या आपने ध्यान दिया है कि उनकी हाथों की स्थिति हर बार अलग होती है? ये कोई साधारण बात नहीं है. दरअसल, बुद्ध की मूर्तियों में हाथों के इन इशारों को ‘मुद्रा’ कहा जाता है. ये मुद्राएं गौतम बुद्ध के जीवन, उनकी शिक्षा और उनके अलग-अलग भावों को दर्शाती हैं. अगर आप अपने घर या पूजा स्थान के लिए बुद्ध की मूर्ति चुन रहे हैं, तो इन मुद्राओं के बारे में जानना और समझना बहुत जरूरी है. क्योंकि हर मुद्रा एक खास ऊर्जा और संदेश देती है. यह मुद्राएं जीवन में शांति, सुरक्षा और ज्ञान भी प्रदान करती हैं. तो जानते हैं गौतम बुद्ध की 5 विशेष हस्त मुद्राओं का मतलब.
1. भूमि स्पर्श मुद्रा
यह बुद्ध की सबसे खास मुद्रा मानी जाती है. इसी मुद्रा में भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था.
कैसी होती है- इस मुद्रा में बायां हाथ गोद में होता है और हथेली ऊपर की ओर होती है. दायां हाथ घुटने के पास नीचे की ओर होता है और अंगुलियां जमीन को छू रही होती हैं. यह मुद्रा मन की ताकत, सच्चाई और आत्मविश्वास को बढ़ाती है.
क्या मतलब है- इस मुद्रा से गौतम बुद्ध की कथा जुड़ी हुई है. कथा के मुताबिक, जब सिद्धार्थ को ज्ञान प्राप्त होने वाला था, तब मारा नाम के दानव ने उनसे सवाल किया था कि आपकी इस स्थिति का गवाह कौन होगा. तब बुद्ध ने कोई बहस नहीं की, बस धरती को छू लिया. माना जाता है कि धरती मां खुद उनकी सच्चाई की गवाह बनीं और इस तरह उन्होंने मारा पर जीत हासिल की थी.
कहां रखें- इसे पूजा घर, स्टडी रूम या किसी शांत कोने में रखना अच्छा माना जाता है, जहां आप सुकून से बैठ सकें.
2. ध्यान मुद्रा
अगर किसी एक मुद्रा को शांति और गहरे ध्यान का प्रतीक कहा जाए, तो वह यही है.
कैसी होती है- इसमें दोनों हाथ गोद में रखे होते हैं, हथेलियां ऊपर की ओर रहती हैं. दायां हाथ बाएं हाथ के ऊपर होता है और अक्सर दोनों अंगूठे हल्के से जुड़े होते हैं, जिससे एक छोटा सा आकार बनता है. यह मन को शांत करती है, फोकस बढ़ाती है और अंदर से सुकून का एहसास कराती है.
क्या मतलब है- यह गहरे ध्यान, एकाग्रता और आत्मिक शांति को दर्शाती है. हाथों का यह आकार इस बात का संकेत होता है कि मन और शरीर एक साथ संतुलन में हैं.
कहां रखें- इसे मेडिटेशन रूम, बेडरूम या किसी शांत जगह पर रखना सबसे अच्छा होता है, जहां आप आराम और शांति महसूस करना चाहते हों.
3. अभय मुद्रा
यह मुद्रा सुरक्षा, भरोसा और निडरता का संकेत देती है. इसे देखने मात्र से ही एक सुकून और सुरक्षित होने का एहसास होता है.
कैसी होती है- इसमें एक हाथ कंधे तक उठा होता है और हथेली सामने की ओर रहती है. दूसरा हाथ नीचे की ओर या गोद में रखा हो सकता है. यह मुद्रा हिम्मत बढ़ाती है, डर कम करती है और अंदर एक भरोसा पैदा करती है कि सब ठीक रहेगा.
क्या मतलब है- इसका सीधा सा मतलब है कि डरने की जरूरत नहीं है. पौराणिक मान्यतानुसार, माना जाता है कि बुद्ध ने इसी मुद्रा से एक उग्र हाथी को शांत किया था. इसलिए यह शांति और सुरक्षा की ताकत को दिखाती है.
कहां रखें- इसे घर या ऑफिस के मुख्य दरवाजे के पास रखना अच्छा माना जाता है. इससे घर में आने वाली नकारात्मक ऊर्जा दूर रहती है और मेहमानों का स्वागत भी सकारात्मक तरीके से होता है.
4. वितर्क मुद्रा
यह मुद्रा ज्ञान बढ़ाने और सही तरीके से बात करने का प्रतीक मानी जाती है. इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे गौतम बुद्ध किसी को शांति से समझा रहे हों.
कैसी होती है- इसमें एक हाथ कंधे के पास उठा होता है और हथेली बाहर की ओर रहती है. अंगूठा और तर्जनी मिलकर गोल आकार बनाते हैं, जबकि बाकी उंगलियां ऊपर की ओर रहती हैं. यह मुद्रा समझ बढ़ाती है और सीखने-सिखाने की प्रेरणा देती है.
क्या मतलब है- अंगूठा और तर्जनी से बना गोल आकार ज्ञान को बढ़ता है और जीवन के चक्र को दर्शाता है.
कहां रखें- इसे स्टडी रूम, लाइब्रेरी या ऑफिस में रखना सबसे अच्छा माना जाता है, जहां पढ़ाई और काम होता है.
5. वरद मुद्रा
यह मुद्रा प्रेम, दान और दया की भावना को दर्शाती है. इसका मतलब है कि इंसान को दिल से उदार और सभी जीवों के प्रति प्रेमभाव रखना चाहिए.
कैसी होती है ये मुद्रा- इस मुद्रा में हाथ नीचे की ओर रहता है और थोड़ा आगे की तरफ झुका होता है. हथेली हल्की बाहर या सामने की ओर होती है और उंगलियां नीचे की तरफ सीधी रहती हैं.
कहां रखें- इसे घर के ऐसे स्थान पर रखें जहां आप लोगों से मिलते-जुलते हैं, जैसे लिविंग रूम या एंट्रेंस के पास. यह जगह को सकारात्मक ऊर्जा देती हैं.
कौन-सी मुद्रा चुनें?
शांति और एकाग्रता चाहते हैं तो ध्यान मुद्रा चुनें. यह मन को शांत करती है और फोकस बढ़ाती है.
आत्मविश्वास और सच्चाई की ताकत चाहिए तो भूमि स्पर्श मुद्रा रखें.
सुरक्षा और निडरता चाहते हैं तो अभय मुद्रा सबसे सही है. यह डर को दूर कर सुरक्षा का एहसास कराती है.
ज्ञान और समझ बढ़ाना चाहते हैं तो वितर्क मुद्रा चुनें. यह सीखने और सही सोच को बढ़ावा देती है.
प्यार, दया और उदारता चाहते हैं तो वरद मुद्रा रखें.
