हरिवंश निर्विरोध चुने गए राज्यसभा के उपसभापति, लगातार तीसरी बार बने

हरिवंश नारायण सिंह को राज्यसभा का उपसभापति चुना गया है. हरिवंश निर्विरोध उपसभापति चुने गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपसभापति के रूप में हरिवंश नारायण सिंह को बधाई दी. साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उनको तीसरे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी. PM मोदी ने कहा कि राज्यसभा उपसभापति के रूप में लगातार तीसरी बार निर्वाचित होना अपने आप में सदन का आपके प्रति जो गहरा विश्वास है. बीते हुए कालखंड में आपके अनुभव का जो सदन को लाभ मिला है. सबको साथ लेकर चलने का आपका जो प्रयास रहा है, उसको एक प्रकार से सदन ने आज एक मोहर लगा दी है.

बता दें, हरिवंश नारायण सिंह एक साधारण किसान परिवार से आते हैं. हरिवंश लोकनायक जयप्रकाश नारायण के गांव सिताब दियारा के रहने वाले हैं. हरिवंश ने अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की और 1980 के दशक में अपने करियर की शुरुआत हिंदी अखबार ‘धर्मयुग’ से एक पत्रकार के रूप में की. इसके बाद उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया में सरकारी अधिकारी के तौर पर भी काम किया, लेकिन परिवार की इच्छा के विरुद्ध उन्होंने यह नौकरी छोड़कर दोबारा पत्रकारिता का रुख किया.

साल 1989 में हरिवंश रांची से प्रकाशित होने वाले ‘प्रभात खबर’ से जुड़े. अपनी मेहनत और नेतृत्व क्षमता के दम पर वे आगे चलकर संपादक बने. साल 2014 में जेडीयू से राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उन्होंने ‘प्रभात खबर’ के संपादक पद से इस्तीफा दे दिया.

राज्यसभा सदस्य बनने से पहले हरिवंश ने अपनी एकमात्र राजनीतिक पारी पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के राजनीतिक सलाहकार के रूप में निभाई. कांग्रेस द्वारा चंद्रशेखर सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद वे फिर से अखबार में लौट आए.