हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष, 2 सांसद हिरासत में, ED ऑफिस जाने से रोकने पर पुलिस से धक्कामुक्की

राष्ट्रीय

उद्योगपति गौतम अडाणी के बारे में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद आज हरियाणा कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। पार्टी के नेताओं ने रिपोर्ट में बताए गए घोटालों की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) गठित न किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सेबी प्रमुख को हटाने की भी मांग की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। कांग्रेस नेताओं ने चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय से ED दफ्तर तक मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस के साथ तीखी झड़प भी हुई। प्रदर्शन के दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, अंबाला से सांसद वरुण मुलाना और हिसार के सांसद जयप्रकाश जेपी को पुलिस ने हिरासत में लिया और उन्हें सेक्टर-3 थाने ले जाया गया।
प्रदर्शन के दौरान हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अडाणी को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता की गाढ़ी कमाई को उद्योगपति दोस्तों को सौंप रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इस अन्याय का विरोध करती रहेगी। हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट में उजागर इस महाघोटाले की जांच के लिए JPC का गठन न करने की हम घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा यह प्रदर्शन सेबी प्रमुख के इस्तीफे और JPC के गठन की मांग को लेकर है।