हरियाणा को केंद्र से मिले 216.80 करोड़, बाढ़ से हालात खराब होने पर राहत

राष्ट्रीय

हरियाणा को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। भारी बारिश से प्रभावित राज्यों में लोगों की मदद के लिए केंद्र सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन निधि के तहत हरियाणा को 216.80 करोड़ की धनराशि जारी की गई है। दो दिन पहले ही हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने राज्य में बारिश से खराब हुए हालात की जानकारी भी दी थी। प्रधानमंत्री ने भी सीएम को हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।

हरियाणा में अभी ये हैं हालात
पहाड़ों पर प्रलय मचाने के बाद नदियां अब हरियाणा के मैदानी भागों में प्रलय मचा रही हैं। अब तक राज्य के 13 जिलों में यमुना का पानी घुस गया है। 240 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। धीरे धीरे यमुना का पानी अब आगे की और बढ़ रहा है, इससे आज पांच अन्य जिलों में खतरा ज्यादा बढ़ गया है। इनमें जींद, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पलवल, सिरसा जिले शामिल हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इन ने हवाई सर्वेक्षण के बाद इन जिलों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दे चुके हैं। जिन गांवों में बाढ़ का पानी उतर गया है कि वहां सरकार की तरफ से तीन दिनों तक विशेष चिकित्सकीय कैंप लगाए जाएंगे।

अब तक 10 की हो चुकी मौत
बाढ़ और जलभराव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 10 लोगों की मौत हो गई। CM मनोहर लाल ने आपदा में जान गंवाने वालों के परिवारों को चार लाख रुपए सहायता राशि देने और मकानों की मरम्मत के लिए सहायता राशि देने की घोषणा की है। इधर पानीपत के बाद यमुना ने सोनीपत के इलाकों में नुकसान पहुंचाना शुरू किया। जाजल से टोंकी रोड पर पानी भरने व रास्ता टूटने से संपर्क बाधित हो गया है। फरीदाबाद में यमुना से लगते गांवों में पानी घुसना शुरू हो गया। करीब 10 हजार घरों में नदी का पानी भर गया है।