बालाघाट में रेत माफिया ने हेड कॉन्स्टेबल को ट्रैक्टर से रौंदा, दो पसलियां टूटी
मध्य प्रदेश के बालाघाट में रेत माफिया ने कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किया है। हेड कॉन्स्टेबल राहंगडाले पर आरोपियों ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया है। इसके बाद वह हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनकी दो पसलियां फ्रैक्चर हो गई हैं और शरीर में अंदरूनी चोटें भी आई हैं। जानकारी के अनुसार, अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले और आरक्षक सुनील विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे थे। पुलिस टीम संदिग्ध ट्रैक्टरों की जांच कर रही थी। इसी दौरान राजेश्वर राहंगडाले एक ट्रैक्टर को रोककर उसका वीडियो बना रहे थे। तभी चालक ने ट्रैक्टर तेज रफ्तार में उनकी ओर बढ़ा दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह घायल प्रधान आरक्षक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
घायल प्रधान आरक्षक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित यूनाइटेड अस्पताल रेफर किया गया। समय पर इलाज मिल सके इसके लिए पुलिस ने बालाघाट से गोंदिया तक विशेष कॉरिडोर बनाया। एसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उनके साथ रवाना हुए।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। लालबर्रा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध उत्खनन, शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद जिले में रेत माफिया की बढ़ती दबंगई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करने वाली टीमों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे पुलिस और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
