रायपुर, रायगढ़, मुंगेली सहित कई जिलों में चल रही है लू, अलर्ट जारी, जांजगीर का तापमान 45 डिग्री के पार

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले भीषण गर्मी लोगों को झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग विभाग ने आने वाले 24 घंटे के लिए बस्तर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां लू चलने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा 48 घंटों के लिए 5 जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रायपुर समेत जांजगीर-चांपा, रायगढ़, मुंगेली और बलौदाबाजार जिले में लू चलने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी हवाओं के आने का सिलसिला जारी है, राजस्थान से गर्म हवाएं आ रही है। इस वजह से लू के हालात बन रहे हैं।

रविवार को प्रदेश में सबसे गर्म जांजगीर जिला रहा। यहां का तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायगढ़ में टेम्परेचर 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह मुंगेली में 45.2, बलौदाबाजार में 44.3 और बिलासपुर में 43 डिग्री तापमान रहा। रायपुर में 42.2 और दुर्ग में 42.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजनांदगांव जिले में 42.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।