15 अप्रैल से हीट-वेव का अलर्ट, रायपुर में 41° पारा, बिलासपुर, दुर्ग में 42° के पार जाएगा

छत्तीसगढ़ में सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं. आने वाले दिनों में सूरज की तपिश लोगों के लिए परेशानी बनने वाली है. अगले कुछ दिनों में प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 तक की भारी बढ़ोतरी हो सकती है. स्थिति यह है कि 14 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर जाएगा, जिससे लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव यानी लू चलने की संभावना है. खास तौर पर बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रह सकता है. शुष्क हवाओं के कारण दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल होगा.

पिछले 24 घंटों में के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है. राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा 41 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.5 दर्ज हुआ है, जिससे वहां रातें अब भी तुलनात्मक रूप से ठंडी हैं. प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में भी पारा तेजी से चढ़ रहा है. बिलासपुर में अधिकतम तापमान 40, राजनांदगांव में 39 और दुर्ग में 38.8 दर्ज किया गया है. जगदलपुर में भी तापमान 38.7 तक पहुंच गया है. आसमान साफ रहने के कारण धूप की तपिश सीधे तौर पर महसूस की जा रही है.

रायपुर में आज भी आसमान साफ रहने का अनुमान है, यहां अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 25 के आसपास रहने की संभावना है. शुष्क मौसम और तेज धूप के कारण राजधानी में गर्मी का असर दूसरे जिलों के मुकाबले ज्यादा देखा जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा. फिलहाल किसी भी जिले में बारिश या गरज-चमक की कोई संभावना नहीं जताई गई है. अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बदलाव न होने के कारण गर्मी का ग्राफ लगातार ऊपर की तरफ जाएगा.