मुंबई में अगले 2 दिन हीटवेव की चेतावनी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह, हिमाचल में बर्फबारी 

राष्ट्रीय

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र और गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक मुंबई और आसपास के इलाकों में आज मंगलवार और बुधवार को हीटवेव यानी भारी गर्मी पड़ सकती है। तापमान 37 से 38 डिग्री तक जाएगा। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों में 11 राज्यों में गर्मी बढ़ेगी। इनमें महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, दादरा नगर हवेली, दमन एवं दीव के अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। दिल्ली का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। बीते दिन शहर का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में 28 फरवरी तक गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में पिछले 24 घंटों से लगातार बर्फबारी हो रही है। पर्यटकों का पसंदीदा हिल रिसॉर्ट कुफरी में भी हल्की बर्फबारी हुई है। पर्यटन के अलावा बागवानी से जुड़े लोग इससे खुश हैं।