10 राज्यों में अगले 7 दिन हीटवेव की चेतावनी, MP-राजस्थान समेत 6 राज्यों में पारा 46°C पार
उत्तर और मध्य भारत के 10 राज्यों में इस हफ्ते तेज गर्मी जारी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में तापमान 45°C के करीब और उससे ज्यादा पहुंच चुका है। 24 मई तक सभी राज्यों में हीटवेव का असर रहेगा। रातें भी गर्म रहेंगी। सोमवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में पारा 46°C से भी ज्यादा रहा। देश में सबसे गर्म उत्तर प्रदेश का बांदा रहा, यहां तापमान 47.6°C रहा। पंजाब के बठिंडा में 47°C, महाराष्ट्र के वर्धा में 46.5°C, हरियाणा के सिरसा में 46.2°C, राजस्थान के चित्तौड़गढ़-पिलानी में 46.2°C तापमान रहा। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक पूर्वोत्तर और दक्षिणी इलाकों को छोड़कर लगभग आधे देश में हीटवेव का असर रहेगा। औसत तापमान 45°C तक रह सकता है।
20 मई:
राजस्थान के 19 जिलों में, यूपी के 33 जिलों और पंजाब के 10 जिलों में हीटवेव का अलर्ट।
झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।
21 मई:
राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी।
असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।
