जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश.. पहाड़ धंसने से श्रीनगर हाईवे बंद, बगलिहार-सलाल डैम के गेट खोले

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के चलते आज गुरुवार को कई जगह लैंडस्लाइड और मडस्लाइड हुई है। रामबन में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) पर कीचड़ जमा होने से ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक डिपार्टमेंट के मुताबिक सड़क सुबह 7.30 बजे से बंद है। कई वाहन कीचड़ में फंसे हुए हैं, उन्हें निकाला जा रहा है। भारी बारिश के चलते चिनाब नदी पर रामबन में बने बगलिहार डैम के दो और रियासी में सलाल डैम का एक गेट खोल दिया गया है। दोनों डैम पहलगाम हमले के बाद बंद कर दिए गए थे। मौसम विभाग ने 11 मई तक केंद्र शासित प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश से भूस्खलन और मडस्लाइड की आशंका है। इसके अलावा विभाग ने आज UP-छत्तीसगढ़ समेत 19 राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। मध्यप्रदेश और राजस्थान के 22-22 जिलों में बारिश का अनुमान है। MP के छह जिलों में ओले गिरने का अनुमान है।
IMD ने 10 मई तक पूर्वी भारत यानी बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान लगाया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 15 मई तक इतना ही तापमान बढ़ सकता है।
बीते दिन MP, UP, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कुछ इलाकों में तापमान 35 डिग्री से नीचे आ गया है।