टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर जेवरा में पानी भर गया। यहां जेवरा गांव का नाला उफान पर आने से पानी हाईवे पर आ रहा है। पृथ्वीपुर (निवाड़ी) में पूर्व मंत्री स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह राठौर के बंगले में पानी घुस गया। दफ्तर का फर्नीचर खराब हो गया। निवाड़ी और झांसी बॉर्डर का उरदौरा गांव में कई घरों में बारिश का पानी भर गया। टीकमगढ़ – निवाड़ी में बुधवार रात से मौसम में बदला हुआ है। रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। गुरुवार सुबह से पानी गिर रहा है।
भोपाल में भी गुरुवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई है। पिछले 24 घंटे में दतिया में 2 इंच से ज्यादा पानी गिर गया। मानसून आने में अभी तीन दिन है, लेकिन प्री मानसून एक्टिविटी बारिश करा रही है। ‘बिपरजॉय’ तूफान की एक्टिविटी के बीच मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री पूर्वी हिस्से से पहले होगी।
25 जून तक MP में आ सकता है मानसून
मौसम केंद्र, भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक एचएस पांडे की मानें तो मानसून जबलपुर, शहडोल, बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, बालाघाट, नरसिंहपुर और अनूपपुर में पहले आ सकता है। 3 दिन के भीतर यानी 25 जून या इससे पहले मानसून दस्तक दे सकता है। इसके बाद अरब सागर की ओर से आ रहे मानसून की एक्टिविटी शुरू होगी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र की ओर से मानसून तेजी से बढ़ रहा है। 2 से 3 दिन में यह मध्यप्रदेश में एंटर हो सकता है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेशभर में अगले 72 घंटे में मानसून पहुंच जाएगा।