छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, झारखंड में बने लो प्रेशर एरिया का असर

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे मौसम का मिजाज बदला रहेगा. प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है. पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई. सबसे अधिक बारिश बड़े बचेली में दर्ज की गई, जहां 170 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और उसके आस-पास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं. इस सिस्टम के अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है. अब तक राज्य में मानसून सीजन के दौरान कुल बारिश सामान्य के करीब रही है. मौसम विभाग के मुताबिक बारिश सामान्य से 2 प्रतिशत कम हुई है.

झारखंड और उसके आस-पास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है. इसके असर से छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों तक बारिश होती रहेगी. ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हो सकती है.

रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा और कोरिया में आंधी, बिजली और अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. इन जिलों में हवा की गति 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. साथ ही सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया समेत कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.