तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, चेन्नई-पुडुचेरी में स्कूल बंद

देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान-निकोबार द्वीप के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. उत्तर भारत के मौसम की बात करें तो यहां अब शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा. बिहार, यूपी से लेकर दिल्ली-हिमाचल और कश्मीर तक तापमान में भारी कमी आने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में रविवार रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है. जहां पारा माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. ठंड की वजह से डस झील के कुछ हिस्सों में पानी के ऊपर बर्फ की पतली परत जम गई है. मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ सकती है. खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है.

तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश के कारण आज (सोमवार), 24 नवंबर को स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की चेतावनी के बीच सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी का फैसला लिया है.

केरल के उत्तर-पूर्वी हिस्से में मॉनसून एक्टिव है. जिसकी वजह से विभिन्न हिस्सों में सोमवार, 24 नवंबर को बारिश हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सात दक्षिणी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. IMD की ताजा चेतावनी के अनुसार, सोमवार को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. राज्य के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (24 घंटों में 7 सेमी से 11 सेमी) होने की उम्मीद है. इस दौरान तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं.