मुंबई में भारी बारिश, सड़कों पर भरा पानी, मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत

मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में मानसून ने रफ्तार पकड़ी ली है. मुंबई सहित ठाणे और पालघर ज़िलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया. वहीं विदर्भ के छह ज़िलों – नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गढ़चिरौली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया. मुंबई में भारी बारिश के चलते समुंद्र का जलस्तर बढ़ गया और तेज लहरें तटीय इलाकों से टकराईं हैं. समुद्र में खराब हालात को देखते हुए मछुआरों को अगली सूचना तक समुंद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है. बारिश ने मुंबई में रोज़मर्रा की ज़िंदगी को प्रभावित किया है. कई निचले इलाकों में जलभराव के कारण की वजह से ट्रैफिक पर असर पड़ा. सायन, दादर, हिंदमाता, कुर्ला, चेंबूर, अंधेरी, घाटकोपर, कांदिवली, मलाड और बोरीवली सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया. सुबह के वक्त गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारे लग गईं. सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर लाइनों पर लोकल ट्रेनें देरी से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ इलाकों में बस सेवाएं पर असर पड़ा और निचले इलाकों की सड़कों को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा. स्थानीय प्रशासन ने मुंबई, ठाणे और पालघर के साथ-साथ उन अन्य जिलों में भी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है. जहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से जरुरी काम के अलावा घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. पानी से भरी सड़कों और पुलों को पार करने से बचने, पेड़ों और जर्जर इमारतों से दूर रहने को कहा है. राज्य भर में बारिश की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम NDRF और स्थानीय एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.