अंडमान में समुद्र में हेलिकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग, तकनीकी खराबी आई, हेलिकॉप्टर में सवार सभी 7 लोग सुरक्षित
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मंगलवार सुबह 9.30 बजे एक हेलिकॉप्टर की क्रैश हो गया। घटना के वक्त उसमें 5 यात्री और 2 पायलट मौजूद थे। इनमें 3 महिला, 3 पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पवन हंस कंपनी के हेलिकॉप्टर ने सुबह 8.30 बजे पोर्ट ब्लेयर से अंडमान के मायाबंदर के लिए उड़ान भरी थी। हेलिकॉप्टर के मायाबंदर एयरपोर्ट पहुंचने के पहले ही उसमें खराबी आ गई। इसके बाद रनवे से 300 मीटर पहले ही समुद्र में हेलिकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग कराई गई। नागरिक उड्डयन निदेशक नितेश रावत ने बताया कि घटना में दोनों पायलट और 5 यात्री घायल हुए हैं। सभी को मायाबंदर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केंद्र सरकार की हेलिकॉप्टर सेवा कंपनी पवन हंस के प्रवक्ता ने बताया कि घटना के बाद पोर्ट ब्लेयर से राहत हेलिकॉप्टर भेजा गया था। मामले की जांच कराई जा रही है। एक दिन पहले ही झारखंड के चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश में 7 लोगों की मौत हुई थी। प्लेन के दोनों पायलट भी मारे गए थे।
