महासमुंद जिले में पुलिस ने 1 करोड़ रुपए के गांजे को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से तस्करी कर लाए जा रहे करीब 4 क्विंटल गांजे को जब्त किया है। साथ ही एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गांजा तस्कर को रेहतिखोल के पास पकड़ा गया है। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ के रास्ते राजस्थान ले जाया जा रहा था। इस पर महासमुंद पुलिस ने रेहटीखोल में चेकिंग प्वाइंट लगाया। पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को घेराबंदी कर रोका। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने ट्रक में पौधे लोड कर रखे थे। ट्रक ड्राइवर सुनील भंवर ने बताया कि वो पौधों को ओडिशा के बरगढ़ से राजस्थान लेकर जा रहा था।
इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक की जांच की। पौधों को हटाकर देखा, तो उसके नीचे प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ गांजा बरामद हो गया। 16 बोरियों में 400 किलो गांजा भरा हुआ था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ रुपए है। 12 लाख की कीमत वाले आयशर ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
महासमुंद एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मध्यप्रदेश के धार जिले का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि हर बोरी में 25-25 किलो यानि कुल 400 किलो गांजा भरा हुआ था।
गांजे के कॉरिडोर में कोरियर सिस्टम
महासमुंद जिला गांजा का बड़ा कॉरिडोर है। पुलिस की सख्ती की वजह से अब तस्कर सीधे गांजा लेने ओडिशा नहीं जाते हैं, बल्कि कोरियर का इस्तेमाल करने लगे हैं। आरोपी सुनील भंवर ने बताया कि उसके दिलीप कुमार नाम के दोस्त ने उसे ओडिशा भेजा था, जिसके लिए उसे 18 हजार रुपए देना तय हुआ था। ओडिशा पहुंचने पर उससे ट्रक ले लिया गया और फिर कुछ घंटों के बाद उसे ट्रक लौटाया गया, जिसे लेकर वह राजस्थान जाने के लिए निकल पड़ा। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।
इस साल अब तक 10 करोड़ रुपए का गांजा पकड़ाया
महासमुंद जिले की पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए साल 2023 में जनवरी से लेकर अब तक 10 करोड़ रुपए का गांजा पकड़ा है, जिसमें 112 आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं। साथ ही 2.50 करोड़ के 51 वाहन भी जब्त किए गए हैं।