महिला-नक्सली रूपी के अंतिम संस्कार में बजा हिड़मा का गाना,लोग लाल झंडा लेकर नाचते दिखे

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 13 अप्रैल को एनकाउंटर में मारी गई महिला नक्सली लीडर रूपी के अंतिम संस्कार के दौरान ‘हिड़मा’ से जुड़ा गाना बजाया गया। इस दौरान लोग लाल झंडे लेकर नाचते हुए नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे तेलंगाना का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम के बाद रूपी का शव तेलंगाना के मेडक जिले ले जाया गया, जहां 14 अप्रैल को उसका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले शव यात्रा निकाली गई, जिसमें डीजे पर ‘मेरे जंगल का सीना’ गाना बजाया गया। शव यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। महिला नक्सली रुपी रेड्डी के अंतिम संस्कार के दौरान सामने आए वीडियो को लेकर कांकेर पुलिस ने कहा कि यह तेलंगाना का मामला है, इसमें वे कुछ नहीं कह सकते। एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि एनकाउंटर के अगले दिन ही रुपी रेड्डी का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया था। उसकी बहन और अन्य परिजन शव लेने आए थे।

बता दें कि 13 अप्रैल को कांकेर जिले के छोटेबेठिया क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसी मुठभेड़ में सुरक्षा बल से जवानों ने ACM (एरिया कमेटी मेंबर) रूपी रेड्डी ढेर किया था। मौके से उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, उसे लगातार सरेंडर के लिए कहा जा रहा था, लेकिन वह सक्रिय रूप से नक्सली गतिविधियों में शामिल रही। बस्तर में बड़े कैडर के कई नक्सलियों के मारे जाने या सरेंडर के बाद वह प्रमुख सक्रिय कैडर में गिनी जा रही थी।

महिला नक्सली रूपी स्टेट कमेटी मेंबर (SCM) विजय रेड्डी की पत्नी थी। विजय रेड्डी राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-चौकी जिले में हुई मुठभेड़ में मारा गया था। विजय रेड्डी की पत्नी रूपी ही उत्तर बस्तर कांकेर में नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने से रोक रही थी।