‘हम हाईकोर्ट जाएंगे’, बृजभूषण के बरी होने के बाद बजरंग पूनिया का ऐलान
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को यौन शोषण मामले में बरी कर दिया है. इस फैसले के बाद पहलवान बजरंग पुनिया ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वे इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे. कोर्ट के इस फैसले के बाद कुश्ती और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को यौन शोषण मामले में सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है. ये मामला विनेश फोगाट समेत अन्य महिला पहलवानों की शिकायतों के आधार पर दर्ज किया गया था. कोर्ट के इस फैसले पर पहलवान बजरंग पुनिया ने सोनीपत में फोन पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, ‘वह इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे’. उन्होंने ये भी कहा कि पहलवान जल्द ही दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी आगे की कानूनी रणनीति का खुलासा करेंगे. इस फैसले के बाद कुश्ती और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
