28 जून को होगी हाईकोर्ट डाटा एंट्री ऑपरेटर भर्ती परीक्षा, रायपुर के 35 केंद्रों में 9,856 अभ्यर्थी होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (सीजी व्यापम) की ओर से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रथम चरण की परीक्षा (HDEO-26) का आयोजन 28 जून 2026 को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। इसी दिन पीएटी/पीवीपीटी-26 प्रवेश परीक्षा भी सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।

रायपुर जिले में इन परीक्षाओं के लिए कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों परीक्षाओं में कुल 9,856 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 28 जून की सुबह 7 बजे से जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित रहे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किण्डो को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।