ढाका में सड़कों पर उतरे हजारों हिंदू… गूंजे ‘जय श्री राम’ के नारे, सरकार को दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए गए हैं. रंगपुर में भगवान राम की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने का विरोध कर रहे कट्टरपंथी इस्लामवादियों द्वारा उनकी तस्वीर का कथित अपमान किए जाने के बाद हिंदू समुदाय के लोग सड़क पर उतरे. मूर्ति का निर्माण कार्य रुकने के बाद, शुक्रवार को ढाका में हजारों हिंदुओं ने मशाल जुलूस निकाला और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए. लोगों ने इस कथित अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ़्तारी की मांग की है. बांग्लादेश में यह नया तनाव उत्तरी गाइबांधा जिले के पलाशबाड़ी में भगवान राम की 81 फीट ऊंची मूर्ति का निर्माण कार्य रोके जाने के कुछ दिनों बाद पैदा हुआ है. इस प्रोजेक्ट को चलाने वाली ‘श्री श्री राधा गोविंद मंदिर समिति’ का दावा है कि अधिकारियों को इस्लामी समूहों से धमकियां मिली थीं.

इस घटना ने मुस्लिम-बहुल बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ा दी हैं. मामले में केस दर्ज हो चुका है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. शुक्रवार को कई हिंदू संगठनों और छात्रों ने मुख्य शाहबाग चौराहे पर इकट्ठा होकर नेशनल प्रेस क्लब तक मार्च किया. यह विरोध-प्रदर्शन ‘हिंदू महाजोट’ ने बुलाया था. संगठन ने नेशनल प्रेस क्लब के सामने मानव श्रृंखला भी बनाई. एक अन्य समूह ने ढाका रिपोर्टर्स यूनिटी (DRU) बिल्डिंग के पास प्रोटेस्ट किया.

रंगपुर में पुलिस द्वारा हिंदुओं को प्रदर्शन करने से रोकने के बाद मामूली झड़प हुई. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस महीने की शुरुआत में गाइबांधा में एक प्रदर्शन के दौरान इस्लामी भीड़ ने भगवान राम की तस्वीर पर जूता रखकर उसका अपमान किया.

तारिक रहमान के नेतृत्व वाली BNP सरकार पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए, प्रदर्शनकारियों ने इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. मांग पूरी न होने पर हिंदू समुदाय ने रैलियां और विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है. शनिवार को धार्मिक मामलों के मंत्रालय को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा. इसके अलावा, हिंदू महाजोट ने कहा कि अगर भगवान राम की मूर्ति का निर्माण फिर से शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वे बांग्लादेश के सभी 64 जिलों में एक-एक करके राम मंदिर बनाएंगे.

शनिवार को भी विरोध-प्रदर्शन जारी रहने की संभावना है, क्योंकि पूजा समारोहों के लिए बनी राष्ट्रीय समिति ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है.

लॉर्ड राम की मूर्ति पलाशबाड़ी में एक मंदिर परिसर के हिस्से के तौर पर बनाई जा रही थी. इसका करीब 80% काम पूरा हो चुका है. इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 22 करोड़ बांग्लादेशी टका (करीब 15.6 करोड़ रुपये) है. इसमें भगवान कृष्ण की 50 फुट ऊंची और भगवान शिव की 30 फुट ऊंची मूर्ति भी शामिल है.

श्री श्री राधा गोविंद मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हरिदास चंद्र दास ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों को इस्लामी समूहों से धमकियां मिलने के बाद काम रोक दिया गया. एक कट्टरपंथी इस्लामी उपदेशक ने तो बुलडोजर से मूर्ति को गिराने की धमकी भी दी थी.