इंदौर के कॉलेज में वेलेंटाइन डे सेलिब्रेशन पर हिंदूवादी संगठन की एंट्री, मचा बवाल

इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में स्थित नरसी मुंजी इंस्टीट्यूट में वेलेंटाइन डे के आयोजन के दौरान जमकर हंगामा हुआ. कॉलेज परिसर में कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें छात्र-छात्राएं शामिल थे. इसी बीच हिंदूवादी संगठन के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और आयोजन का विरोध जताने लगे. कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. विरोध के दौरान कुछ लोगों ने कॉलेज परिसर में घुसकर तोड़फोड़ भी कर डाली. इससे कार्यक्रम में मौजूद छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई और पूरे परिसर में हलचल बढ़ गई.

घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस के साथ एरोड्रम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने स्थिति को संभाला और कॉलेज परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि इस आयोजन की जानकारी पुलिस को पहले से नहीं दी गई थी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कार्यक्रम की पूर्व सूचना थाने में नहीं पहुंची थी.

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर तोड़फोड़ करने वालों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ समय तक तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित कर ली गई. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर नजर बनाए हुए है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *