लंदन की सड़कों पर घोड़े दौड़े, शरीर से खून निकला, मुश्किल से काबू आए….

अंतरराष्ट्रीय

ब्रिटेन : लंदन में बुधवार की सुबह 5 घोड़ों को सड़क पर बेतरतीब दौड़ता देखकर लोग हैरान रह गए। कुछ घोड़े घायल भी थे। उनके शरीर से खून निकल रहा था। लोगों ने तुरंत ही इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह से घोड़ों को काबू में किया और उन्हें इलाज के लिए भेजा। बाद में पता चला कि ये सभी घोड़े ब्रिटिश सेना के थे, जो राजपरिवार की सुरक्षा संभालने वाली टुकड़ी में शामिल हैं। घोड़े सेंट्रल लंदन की एल्डविच रोड पर दौड़ रहे थे, जिससे वहां का ट्रैफिक जाम हो गया था। घोड़े एक डबल डेकर बस और कई गाड़ियों से भी टकराए। इसके कारण वे घायल हुए थे। घटना के बारे में जानकारी देते हुए ब्रिटिश सेना बताया कि बकिंघम पैलेस के पास मौजूद बेलग्रेविया में 7 घोड़ों को रिहर्सल कराई जा रही थी। यह औपचारिक रिहर्सल है जिसे ट्रूपिंग द कलर के नाम से जाना जाता है। सभी घोड़े लाइफ गार्ड्स की टुकड़ी के थे जो ब्रिटेन के राजपरिवार के सुरक्षा में तैनात रहती है। बेलग्रेविया के पास ही निर्माण कार्य चल रहा था। अत्यधिक शोर के कारण घोड़े घबरा गए। 5 घोड़ों ने अपने राइडर्स को झटके से नीचे गिरा दिया और मुख्य सड़क पर दौड़ गए थे। सड़क पर घोड़े कुछ कारों और एक डबल-डेकर बस से टकरा गए। इस दौरान वे घायल हो गए।